देश

सीएम सुक्खू बोले, मंडी लोकसभा सीट पर हार के डर से चुनाव लड़ने से पीछे हटे जयराम ठाकुर

himachal-pradesh

शिमला: मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने शुक्रवार को कुल्लू जिले के बंजार में कांग्रेस प्रत्याशी विक्रमादित्य सिंह के लिए वोट मांगते हुए बीजेपी पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने हार सामने देखकर लोकसभा चुनाव लड़ने से हाथ खींच लिया है। वह जानते थे कि पांच साल तक मुख्यमंत्री रहते हुए उन्होंने मंडी संसदीय क्षेत्र में काम नहीं किया और केवल सराज तक ही सीमित रहे।

सुक्खू ने विक्रमादित्य की जमकर की तारीफ

सुखविंदर सिंह ने कहा कि आलाकमान के कहने पर पहले तो जयराम चुनाव लड़ने को तैयार हो गए थे, लेकिन जैसे ही उन्हें पता चला कि कांग्रेस युवा और स्मार्ट चेहरे विक्रमादित्य सिंह को मैदान में उतारने जा रही है तो वह पीछे हट गए। उन्होंने बीजेपी के शीर्ष नेतृत्व से कहा कि मंडी से कोई सेलिब्रिटी ही जीत सकता है, इसलिए कंगना रनौत को टिकट दिया। कंगना को फेल करने में जयराम ठाकुर का पूरा सहयोग रहेगा। कंगना रनौत एक महीने की शूटिंग के लिए हिमाचल प्रदेश आई हैं। विपक्ष के नेता अपनी मर्जी से लोकेशन सेट करें या अपनी मर्जी से लोकेशन बदलें, फिल्म का फ्लॉप होना तय है।

यह भी पढ़ें-लोकसभा चुनावः बृजभूषण के बेटे करण को बीजेपी से मिला टिकट, यहां से लड़ेंगे चुनाव

मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारे पास एक शीर्ष नायक (विक्रमादित्य सिंह) हैं। शीर्ष नायक वही है जो दिन-रात जनता की सेवा में लगा रहता है। विक्रमादित्य सिंह ने आपदा के दौरान मंडी संसदीय क्षेत्र के लोगों का पूरा सहयोग किया है। वह लोगों के दुख में उनके साथ खड़े रहे। जेसीबी में बैठकर सड़कें खुलवाईं और वैली ब्रिज बनाए। विक्रमादित्य ने बंजार में कई काम किए हैं, सांसद बनकर वह यहां विकास कराएंगे। लोकसभा चुनाव के बाद वह विक्रमादित्य सिंह के साथ दोबारा बंजार आएंगे और लोगों की मांगें पूरी की जाएंगी।

बीजेपी पर बोला हमला

मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछली भाजपा सरकार ने भ्रष्टाचार के दरवाजे खोल दिये थे। नौकरियाँ बिक गईं और पूरे 5 साल तक जयराम ठाकुर मूकदर्शक बने रहे। भाजपा हिमाचल व महिला विरोधी है। पहले आपदा में सहयोग नहीं किया, फिर महिलाओं को 1500 रुपये मिलने से रोकने के लिए चुनाव आयोग पहुंचे। बीजेपी सिर्फ राजनीतिक रोटी सेंकने का काम करती है। कांग्रेस काम करने में विश्वास रखती है और बीजेपी की तरह चुनाव देखकर फंड का आवंटन नहीं करती। भाजपा ने चुनी हुई कांग्रेस सरकार को गिराने के लिए धनबल का इस्तेमाल किया, लेकिन कांग्रेस के छह विधायकों को खरीदकर भी जयराम अपनी सत्ता की भूख नहीं मिटा सके। कांग्रेस के पास पैसा नहीं जनशक्ति है। हम धनबल को जनबल के बल पर ही हराएंगे।

(अन्य खबरों के लिए हमें फेसबुक और ट्विटर(X) पर फॉलो करें व हमारे यूट्यूब चैनल को भी सब्सक्राइब करें)