राजनीति हिमाचल प्रदेश

कालीबाड़ी मंदिर पहुंचे आनंद शर्मा, बीजेपी पर साधा जमकर निशाना

blog_image_66349f5d56a07

शिमलाः हिमाचल प्रदेश की कांगड़ा लोकसभा सीट से चुनाव लड़ने के लिए कांग्रेस से हरी झंडी मिलने के बाद दिग्गज नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री आनंद शर्मा शिमला पहुंच गए हैं। कांगड़ा सीट पर उनका मुकाबला बीजेपी के राजीव भारद्वाज से होगा। शिमला के मूल निवासी 71 वर्षीय आनंद शर्मा पहली बार लोकसभा चुनाव लड़ेंगे। कांग्रेस ने वरिष्ठ नेता आनंद शर्मा को कांगड़ा लोकसभा सीट से अपना उम्मीदवार बनाया है। आनंद शर्मा शुक्रवार को नई दिल्ली से शिमला पहुंचे। यहां उन्होंने ऐतिहासिक कालीबाड़ी मंदिर में माथा टेका और पूजा-अर्चना की। इसके बाद वह कांगड़ा के लिए रवाना हो गए।

नौकरियों को लेकर बीजेपी पर निशाना

कांगड़ा जाने से पहले आनंद शर्मा ने पत्रकारों से बातचीत करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और बीजेपी पर जमकर निशाना साधा। आनंद शर्मा ने पत्रकारों से कहा कि कांग्रेस पार्टी देश में लोकतंत्र बचाने के लिए चुनाव लड़ रही है। उन्हें कांगड़ा संसदीय क्षेत्र से चुनाव लड़ने का सौभाग्य भी मिला है, जिसे पूरे दमखम के साथ लड़ा जाएगा। आनंद शर्मा ने ओपीएस, अग्निवीर और रोजगार के मुद्दे पर मोदी सरकार पर हमला बोला। उन्होंने मोदी और बीजेपी से पूछा कि 2014 में दो करोड़ नौकरियों के वादे का क्या हुआ। ओपीएस पर बीजेपी का क्या रुख है? केंद्र सरकार ने अग्निपथ योजना लाकर युवाओं के साथ खिलवाड़ किया है। उन्होंने कहा कि मोदी ऐसे बयान दे रहे हैं जो प्रधानमंत्री पद पर बैठे व्यक्ति को शोभा नहीं देते। भाजपा ने लोकसभा चुनाव के नतीजे आने से पहले ही नतीजे घोषित करने शुरू कर दिए हैं, जो लोकतंत्र के लिए अच्छा नहीं है।

किसी से डरती नहीं है बीजेपी

आनंद शर्मा ने कहा कि राहुल गांधी भी रायबरेली से चुनाव लड़ रहे हैं, जबकि अमेठी से भी उम्मीदवार दिया गया है, कांग्रेस चुनाव लड़ने से डरती नहीं है। पिछले दशकों में कांगड़ा और हिमाचल के लिए कई संस्थान खोले गए हैं, जिनके बारे में जनता को जानकारी है। हिमाचल प्रदेश की जनता, सरकार और संगठन उनके साथ हैं।

यह भी पढ़ेंः-पीएम मोदी का राहुल गांधी पर हमला, बोले-अमेठी से इतना इतना डर गए अब रायबरेली में खोज रहे रास्ता

कांगड़ा से कांग्रेस टिकट मिलने पर शर्मा ने कहा कि शिमला मेरी जन्मभूमि है, जबकि देश और प्रदेश मेरी कर्म भूमि है। उन्होंने अपने राजनीतिक करियर में हर चुनौती का सामना किया है और अब नई चुनौतियों का भी सामना करेंगे।

(अन्य खबरों के लिए हमें फेसबुक और ट्विटर(X) पर फॉलो करें व हमारे यूट्यूब चैनल को भी सब्सक्राइब करें)